घाटशिला, 9 नवंबर 2025:
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। मतदान की पूर्व संध्या पर को-ऑपरेटिव कॉलेज स्थित डिस्पैच सेंटर से सभी मतदान दलों को आवश्यक मतदान सामग्री के साथ उनके संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने डिस्पैच स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेटों, मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी दल समय पर अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचें और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने मतदान सामग्री के सुरक्षित वितरण, वाहनों की आवाजाही, तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक चरण की निगरानी रीयल टाइम में की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने कहा,
“जिला प्रशासन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।”
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने बताया कि जिले के संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस सतर्क है और किसी भी असामाजिक तत्व को माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
घाटशिला उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम लगातार फील्ड में सक्रिय है ताकि 11 नवंबर को मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।