Responsive Menu
Add more content here...

उपायुक्त ने किया ब्लड बैंकों का निरीक्षण, पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

Spread the love

जमशेदपुर | संवाददाता

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने सोमवार को जमशेदपुर के विभिन्न ब्लड बैंकों का निरीक्षण किया। उन्होंने एमजीएम अस्पताल, सदर अस्पताल और जमशेदपुर ब्लड बैंक में जाकर वहां की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ब्लड बैंक संचालन, स्टोरेज, टेस्टिंग प्रक्रिया, रिकॉर्ड संधारण और सुरक्षा मानकों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ब्लड बैंक संचालन में भारत सरकार की गाइडलाइन और झारखंड सरकार के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। साथ ही रक्तदान, संचयन और वितरण की प्रत्येक प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित ढंग से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

एमजीएम अस्पताल में निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने CB NAT मशीन की व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और स्वास्थ्य विभाग से इस संबंध में समुचित पत्राचार करने को कहा। वहीं सदर अस्पताल जमशेदपुर में ब्लड सेपरेशन यूनिट की स्थापना के लिए विभागीय स्तर पर शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जमशेदपुर ब्लड बैंक की व्यवस्था को उपायुक्त ने संतोषजनक बताया। उन्होंने प्रबंधन को सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार रक्तदान एवं संचालन कार्यों को और अधिक सुदृढ़ करने की सलाह दी।

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।