Responsive Menu
Add more content here...

हरेराम सिंह फायरिंग केस में सीतारामडेरा पुलिस की बड़ी सफलता, दो आरोपी हथियार के साथ गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर | संवाददाता

सीतारामडेरा थाना पुलिस को एक बार फिर बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने शहर के चर्चित कारोबारी हरेराम सिंह के घर पर हुई फायरिंग घटना में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई स्वर्णरेखा नदी के पांडे घाट क्षेत्र से की गई, जहां दोनों आरोपी छिपे हुए थे।

पुलिस ने उनके पास से एक देशी पिस्टल, एक कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों से की गई सख्त पूछताछ में उन्होंने फायरिंग की वारदात में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली है।

एसएसपी पीयूष पांडे ने प्रेस वार्ता के माध्यम से बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई। सूचना मिली थी कि पांडे घाट पर दो संदिग्ध अपराधी देखे गए हैं, जिसके बाद डीएसपी भोला प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तत्काल छापामारी कर दोनों को पकड़ लिया।

गौरतलब है कि व्यापारी हरेराम सिंह से कुख्यात अपराधियों प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा के नाम पर रंगदारी मांगी गई थी। जब व्यापारी ने रंगदारी नहीं दी, तो अपराधियों ने उनके घर पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था।

इससे पहले भी इस प्रकरण में रांची पुलिस ने दशरथ शुक्ला को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जबकि जमशेदपुर पुलिस ने एक अन्य आरोपी को पहले ही जेल भेज दिया था। अब दो और अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने इस केस में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।