जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को होने से पहले ही रोकते हुए एक युवक को देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी राहुल महतो तुरिया बेड़ा, डीपीएस (दिल्ली पब्लिक स्कूल) के पास का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि वह कर्म देव शर्मा नामक युवक की हत्या करने की योजना बना रहा था।
छापेमारी कर किया गिरफ्तार
गुप्त सूचना के आधार पर एमजीएम थाना पुलिस ने तुरिया बेड़ा इलाके में छापेमारी की और आरोपी राहुल महतो को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया है।
डीएसपी ने खुलासा किया पूरा मामला
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी पटमदा वचन देव कुजूर ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि वह पहले मुंबई के दादर खंडाला स्थित एक होटल में बार टेंडर के रूप में काम करता था।
नौकरी खोने का विवाद बना हत्या का कारण
राहुल ने बताया कि होटल में उसकी मुलाकात शंकोसाई निवासी कर्म देव शर्मा से हुई थी। कर्म देव ने पहले उसे नौकरी दिलाई, लेकिन बाद में शिकायत करके उसे नौकरी से निकलवा दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच गहरा विवाद हो गया था।
बदले की भावना में खरीदा हथियार
क्रोध और प्रतिशोध में राहुल महतो ने बिहार से देसी कट्टा खरीदा और कर्म की हत्या करने की योजना बना ली थी। वह वारदात को अंजाम देने के लिए गोली की व्यवस्था कर रहा था, लेकिन इससे पहले पुलिस को इसकी भनक लग गई और उसे हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया गया।
आगे की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि हथियार किसके माध्यम से खरीदा गया और कहीं कोई अन्य व्यक्ति भी इस साजिश में शामिल तो नहीं था।