मुसाबनी | अबुआ खबर संवाददाता
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर सोमवार को मुसाबनी के कुलीसुता मर्जर ग्राउंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की भव्य चुनावी जनसभा आयोजित की गई। इस जनसभा में भारी संख्या में लोग पहुंचे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संबोधन को सुनने के लिए मैदान खचाखच भरा रहा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अबुआ सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं के लिए सम्मान और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा — “हमारा सफर अभी अधूरा है, हमें झारखंड को आत्मनिर्भर बनाना है और हर घर को खुशहाल देखना है।”
सीएम सोरेन ने जनता से अपील करते हुए कहा कि वे झूठे वादों और धर्म-जाति की राजनीति से दूर रहें। उन्होंने कहा — “हमारा काम ही हमारी पहचान है। आपका वोट हमारी ताकत है, और इसी ताकत से हम शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को और मजबूत करेंगे।”
सभा में पोटका विधायक संजीव सरदार भी मौजूद रहे। उन्होंने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि घाटशिला की जनता झामुमो के साथ है और आने वाले 11 नवंबर को “तीर-कमान” के निशान पर बटन दबाकर पार्टी प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन को भारी बहुमत से विजयी बनाएगी।
कार्यक्रम में झामुमो के वरिष्ठ नेता, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और हजारों की संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। जनसभा के दौरान लोगों में जबरदस्त उत्साह और जोश देखने को मिला।