बोकारो, 31 मई: झारखंड के बोकारो जिले के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 29 मई की शाम को अज्ञात चार युवकों ने एक महिला और उसके पति को टोटो में बिठाकर घर छोड़ने का बहाना किया, लेकिन उन्हें सेक्टर-12 स्थित एक खंडहरनुमा स्कूल में ले जाकर, महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
पति को बंधक बना, महिला से किया घिनौना अपराध
घटना उस समय हुई जब दुदी बाजार से महिला और उसका पति घर लौट रहे थे। रास्ते में चार अजनबियों ने खुद को मददगार बताकर टोटो में बैठाया और सुनसान इलाके में ले गए। वहां पति को बंधक बनाकर रखा गया और महिला के साथ आरोपियों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
पीड़िता की शिकायत पर तुरंत हरकत में आई पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-12 थाना पुलिस हरकत में आ गई। पीड़िता के बयान और चिकित्सा जांच के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया। बोकारो एसपी हरबिंदर सिंह के निर्देश पर सिटी डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।
24 घंटे के भीतर चारों आरोपी गिरफ्तार
SIT ने त्वरित छापेमारी अभियान चलाते हुए चारों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
विशाल कुमार (20), पिता: स्व. केला राम, निवासी: बालू बाजार
कृष्णा कुमार (22), पिता: रामपाल लोहरा, निवासी: दूदी बाग बाजार
अजय कुमार (20), पिता: धर्मेंद्र चौधरी, निवासी: सेक्टर-12
साहिल कुमार (18), पिता: सुरेश उरांव, निवासी: दूदी बाग बाजार
जांच में जुटी SIT, न्याय की उम्मीद
जांच दल में सिटी डीएसपी के साथ-साथ सेक्टर-12, बीएस सिटी, सेक्टर-4 और सेक्टर-6 थानों के प्रभारी और कई अनुभवी पुलिस अधिकारी शामिल रहे। पुलिस ने दावा किया है कि अपराधियों को सख्त सजा दिलाने के लिए केस को फास्ट ट्रैक किया जाएगा।