जमशेदपुर, 30 जुलाई 2025 — समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में यातायात एवं सड़क सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पांडेय, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री भगीरथ प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री धनंजय, एसडीएम घाटशिला और धालभूम, डीएसपी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में हाल के एक माह में हुई सड़क दुर्घटनाओं का आंकलन किया गया, जिसमें 22 दुर्घटनाएं हुईं और इनमें 10 लोगों की मृत्यु तथा 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए। इनमें से 8 लोगों की मौत हेलमेट न पहनने के कारण हुई, जो चिंता का विषय बताया गया।
हेलमेट नहीं पहनने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया है कि हेलमेट न पहनने वालों को पेट्रोल न दिया जाए। साथ ही ट्रैफिक पुलिस को सख्ती से जांच अभियान चलाने के आदेश दिए गए हैं, ताकि सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सके।
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने वाले गुड समारिटन को सम्मान
सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को ‘गोल्डन ऑवर’ में अस्पताल पहुंचाने वाले पोटका के खरियासाई निवासी किशन गुप्ता को दो हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। जिला अधिकारीयों ने उनके मानवता भरे कार्य की सराहना की और जनता को बताया कि गुड समारिटन को किसी कानूनी कार्रवाई से नहीं जोड़ा जाएगा, जिससे वे बिना डर के मदद कर सकें।

हिट एंड रन मामलों पर तेजी से मुआवजा भुगतान का निर्देश
उपायुक्त ने जिला परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि हिट एंड रन के 35 लंबित मामलों में प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए। इसके अलावा, एनएचएआई प्रतिनिधि से दुर्घटना रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट पर बेहतर रोशनी और स्लाइडिंग बैरियर लगाने को कहा गया है।
मई माह में सख्ती के चलते 366 ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड, 23 लाख से अधिक जुर्माना वसूला गया
मई महीने में यातायात नियमों के उल्लंघन के कारण 366 चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किया गया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने 23 लाख 50 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला। जांच अभियान में बिना हेलमेट दोपहिया और बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मई में कुल 2001 नए ड्राइविंग लाइसेंस भी जारी किए गए, जिनमें 1695 पुरुष और 305 महिलाएं शामिल हैं।
मुख्य बिंदु:
पिछले एक माह में 22 सड़क दुर्घटनाएं, 10 मौतें और 20 से अधिक घायल
हेलमेट न पहनने के कारण 8 मौतें, सख्त नियम लागू करने का निर्णय
घायल व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने वाले गुड समारिटन किशन गुप्ता को सम्मानित
हिट एंड रन मामलों में मुआवजा भुगतान में तेजी लाने के निर्देश
मई में 366 ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड, 23 लाख रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया