चाकुलिया। संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया नगर पंचायत के नया बाजार स्थित आनंद मार्ग स्कूल के पास शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला अपने दो छोटे बच्चों को सड़क किनारे अकेला छोड़कर मौके से फरार हो गई।
स्थानीय लोगों ने दी पुलिस को सूचना
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मामले की जानकारी थाना प्रभारी राजेश कुमार को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।
परिवार से जुड़ा मामला
जानकारी के अनुसार यह मामला नागाबाबा कॉलोनी निवासी इंद्रजीत मांडी के परिवार से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी गुरुवारी मांडी लगभग दो साल पहले अपने पांच वर्षीय बेटे चंद्राय मांडी को लेकर घर छोड़कर चली गई थी।
करीब दो साल बाद वह अचानक वापस लौटी, लेकिन घर जाने के बजाय उसने दोनों बच्चों को आनंद मार्ग स्कूल के पास छोड़ दिया और वहां से फरार हो गई।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल दोनों मासूम बच्चे पुलिस की निगरानी में सुरक्षित हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और महिला की तलाश की जा रही है।