Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया: वार्ड नंबर 8 में पेयजल संकट गहराया, 27 अप्रैल को धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

Spread the love

अबुआ खबर डेस्क : चाकुलिया नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 में बीते तीन दिनों से पेयजल व्यवस्था ठप पड़ी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी की किल्लत के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है और आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।

वार्ड पार्षद तबस्सुम आरा ने इस समस्या को लेकर नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द पानी की आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो आगामी 27 अप्रैल को नगर पंचायत कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा

इस संबंध में गुरुवार को पार्षद ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में बताया गया है कि पिछले करीब 18 महीनों से वार्ड नंबर 8 में पेयजल की समस्या बनी हुई है। इस दौरान कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें भी की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।

पार्षद ने यह भी बताया कि करीब एक महीने पहले जाकिर बांग्ला परिसर में स्थित पंप को चालू करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन वह भी अब तक लागू नहीं हो सका। ऐसे में स्थानीय लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।

लोगों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *