Responsive Menu
Add more content here...

बहरागोड़ा: जहरीले सांप के डसने से भाई की मौत, बहन अस्पताल में भर्ती

Spread the love

पाथरघाटा गांव की दर्दनाक घटना, गरीब परिवार में पसरा मातम

बहरागोड़ा संवाददाता (निलेश बेरा)
बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत पारुलिया पंचायत के पाथरघाटा गांव में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब एक ही परिवार के दो मासूम भाई-बहन को जहरीले सांप ने काट लिया। इस हादसे में भाई की मौत हो गई, जबकि बहन की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

सोते समय घुसा घर में सांप, दोनों बच्चों को डसा:

घटना रात करीब 11 बजे की है। गांव के रहने वाले सुखलाल मुंडा अपने पूरे परिवार के साथ भोजन के बाद सोने चले गए थे। उनकी 13 वर्षीय बेटी प्रीतीलता मुंडा मां के साथ पलंग पर सो रही थी, जबकि 16 वर्षीय बेटा जिसु मुंडा पिता के साथ नीचे गद्दा बिछाकर सोया था। इसी दौरान एक जहरीला सांप चुपचाप घर में घुस गया और सबसे पहले पलंग पर सोई प्रीतीलता को काट लिया।

प्रीतीलता के चिल्लाने पर घर के लोग जागे और जब तक स्थिति को समझ पाते, उसी सांप ने नीचे सोए जिसु को भी डस लिया। अचानक हुए इस हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और आस-पड़ोस के लोगों ने सांप को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मिला।

भाई की मौत, बहन का चल रहा इलाज:

परिजन आनन-फानन में दोनों बच्चों को पश्चिम बंगाल के गोपिवल्लवपुर स्थित बर्गीडींगा अस्पताल ले गए, जहां दोनों को आईसीयू में भर्ती किया गया। इलाज के दौरान मंगलवार सुबह जिसु मुंडा की मौत हो गई, जबकि बहन प्रीतीलता की हालत स्थिर बताई जा रही है।

गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़:

मृतक बच्चे के पिता सुखलाल मुंडा दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनका परिवार अबुआ आवास योजना से वंचित है, शौचालय नहीं है और एक झोपड़ी नुमा घर में तिरपाल डालकर वे जीवन गुजार रहे हैं।

जिसु का शव गांव लाए जाने के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। अंतिम संस्कार ग्रामीणों की मदद से स्थानीय श्मशान घाट में किया गया। परिवार के लोग बेटे की मौत से बेसुध हैं और रो-रोकर बुरा हाल है।