Responsive Menu
Add more content here...

दिनदहाड़े केनरा बैंक में डकैती, हथियार के बल पर करीब 15 लाख रुपये की लूट

Spread the love

बहरागोड़ा। संवाददाता

बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के साकरा गांव स्थित केनरा बैंक शाखा में मंगलवार की दोपहर पांच नकाबपोश बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में धावा बोलकर करीब 15 लाख रुपये की लूट कर ली। घटना उस समय हुई जब बैंक में लंच का समय चल रहा था और सब कुछ सामान्य था।

प्रत्यक्षदर्शियों और बैंक कर्मियों के अनुसार दोपहर करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच पांच युवक बैंक परिसर में दाखिल हुए। अंदर घुसते ही उन्होंने अपने चेहरे पर मास्क लगा लिया और पिस्तौल व चाकू दिखाकर बैंक कर्मियों को एक कोने में बंधक बना लिया। इसके बाद लुटेरों ने कैश काउंटर और तिजोरी से लगभग 15 लाख रुपये निकाल लिए। इसके साथ ही कर्मचारियों के सोने की चेन, मोबाइल फोन और पर्स भी लूट लिए।

लूट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर गांव के रास्ते पश्चिम बंगाल की ओर भाग निकले। पीछा होने के डर से बदमाशों ने लूटे गए मोबाइल फोन को रास्ते में खेतों के पास फेंक दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साथ ही उच्च अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही घाटशिला अनुमंडल के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए श्यामसुंदरपुर, गुड़ाबांधा, चाकुलिया और बरसोल थाना के प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। पुलिस बैंक के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और बैंक कर्मियों तथा आसपास के दुकानदारों से बदमाशों के हुलिए और बाइक नंबर के बारे में जानकारी जुटा रही है।

इस संबंध में घाटशिला के डीएसपी अजीत कुजूर ने कहा कि मामले की जांच जारी है। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जांच पूरी होने के बाद ही पूरी जानकारी दी जाएगी।