बहरागोड़ा: थाना क्षेत्र के कालियाडिंगा फ्लाईओवर के पास एनएच-49 पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोलकाता से टाटानगर की ओर जा रही 407 मालवाहक गाड़ी ने सामने चल रहे अज्ञात वाहन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे चालक और सहचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
अचानक ब्रेक से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 407 वाहन (संख्या WB 19-1067) कोलकाता से कूरियर सामान लेकर टाटानगर जा रहा था। इसी दौरान आगे चल रहे एक अज्ञात टैंकर ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे चल रही 407 गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे उससे टकरा गई।
केबिन में फंसे दोनों घायल
टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक संजय राम व सहचालक जितेंद्र झा केबिन में ही फंस गए।

पुलिस ने रेस्क्यू कर निकाला
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एनएचएआई की एंबुलेंस से उन्हें बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया।
गंभीर हालत में एमजीएम रेफर
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।
वाहन मालिक को दी गई सूचना
पुलिस ने घटना की जानकारी 407 वाहन के मालिक को दे दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।