कोडरमा: कोडरमा घाटी में नौवां माइल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक कंटेनर ने चार लोगों को टक्कर मार दी। यह हादसा उस वक्त हुआ जब कोडरमा के मेघातरी गांव के चार लोग ताराघाटी की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो लोग बाइक पर सवार थे जबकि दो अन्य पैदल चल रहे थे। इसी दौरान कोडरमा से बिहार की ओर तेज रफ्तार में जा रहे एक कंटेनर ने उन्हें कुचल दिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक 13 वर्षीय किशोर भी शामिल है। मृतकों की पहचान राहुल भुइयां (30) निवासी अकबरपुर, अमित कुमार (13) निवासी मेघातरी, और मोहित कुमार (18) निवासी काली मंडा के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल अमर भुइयां (30), जो मेघातरी के कुशहना गांव के रहने वाले हैं, को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए खाट के सहारे घायल को टेंपो में अस्पताल तक पहुंचाया। हादसे के बाद कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा, जिससे चालक को भी हल्की चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि ब्रेक फेल होने की वजह से कंटेनर ने नियंत्रण खो दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही खाई में फंसे कंटेनर को बाहर निकालने का कार्य भी जारी है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।