Responsive Menu
Add more content here...

बहरागोड़ा: ग्रामीण के घर से वन विभाग ने गोह को किया मुक्त, जंगल में सुरक्षित छोड़ा

Spread the love

बहरागोड़ा संवाददाता (निलेश बेरा): चिंगड़ा पंचायत अंतर्गत कटुशोल गांव में सोमवार को एक अनोखी घटना सामने आई, जब एक ग्रामीण ने जंगल से भटकी एक गोह (मॉनिटर लिजर्ड) को पकड़कर अपने घर में बांध कर रखा था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल सक्रिय हुई और उक्त जीव का सफल रेस्क्यू कर उसे जंगल में वापस छोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोह जंगल से भटकते हुए गांव में पहुंची थी, जिसे एक सबर परिवार ने पकड़ लिया और घर में बांध कर रखा। जब इसकी सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) केशव भारती को मिली, तो उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए कनीय अभियंता अभिजीत बेरा और पंचायत सचिव अनु कुमारी को मौके पर भेजा।

हालांकि, समझाने के बावजूद ग्रामीणों ने गोह को नहीं छोड़ा। इसके बाद बीडीओ ने चाकुलिया वन क्षेत्र के प्रभारी अधिकारी दिग्विजय सिंह को सूचना दी। वनरक्षी अजीत मुर्मू और विप्लव कुमार क्विक रिस्पॉन्स टीम के साथ गांव पहुंचे और गोह को मुक्त कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, गोह एक बड़ी छिपकली प्रजाति का जीव है, जो इस क्षेत्र के जंगलों में पाया जाता है। पकड़े गए गोह का वजन करीब तीन किलोग्राम था। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि इस तरह के वन्य जीवों को पकड़ना गैरकानूनी है और यह पर्यावरणीय संतुलन के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है।