चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया की हवाई पट्टी एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार किसी उड़ान के कारण नहीं, बल्कि तेज़ रफ्तार बाइकों पर स्टंट कर रहे युवाओं के कारण। रविवार को 10 से 15 बाइक सवार युवक रनवे पर स्टंट करते नज़र आए। इस घटनाक्रम ने न केवल स्थानीय लोगों को हैरान किया, बल्कि मौके पर देखने वालों की भीड़ भी जमा हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, युवक तेज़ रफ्तार से बाइक चला रहे थे और खतरनाक स्टंट कर रहे थे। कोई बिना हाथ के बाइक चला रहा था, तो कोई बाइक को आगे से उठाकर एक पहिए पर दौड़ा रहा था। यह पूरी घटना हवाई पट्टी के रनवे पर घटित हुई, जो सामान्यतः उड़ानों या सरकारी उपयोग के लिए आरक्षित होता है।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी संतोष कुमार के निर्देश पर एसआई कविंद्र पोद्दार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने रेलवे अंडरपास के पास इन युवकों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन सभी बाइकर्स मौके से भागने में सफल हो गए।
हालांकि, पुलिस ने सभी बाइकों के नंबर नोट कर लिए हैं और अब उनके आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि सभी राइडर फिलहाल फरार हैं लेकिन जल्द ही उन्हें चिन्हित कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने इस घटना को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इस तरह का स्टंट न केवल खुद बाइकर्स के लिए खतरनाक है, बल्कि आम जनता के लिए भी जोखिम भरा हो सकता है। ग्रामीणों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।