अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के प्रति आम नागरिकों, छात्रों तथा वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों के कर्मियों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला अग्निशमन विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर मॉक ड्रिल एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस कड़ी में केन्द्रीय विद्यालय, परसुडीह में एक मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय के छात्रों और शिक्षकों को आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सतर्कता, अग्निशमन यंत्रों के सही इस्तेमाल और आपातकालीन निकासी के उपायों की जानकारी दी गई। इस दौरान अग्निशमन अधिकारियों ने वास्तविक परिस्थिति में कार्रवाई की व्यावहारिक प्रक्रिया को भी प्रदर्शित किया।
पेट्रोल पंप परिसरों में भी किया गया अभ्यास
इसी क्रम में जिले के विभिन्न पेट्रोल पंप परिसरों में भी अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिनमें शामिल हैं:
- भारत पेट्रोलियम, सिदगोड़ा
- भारत पेट्रोलियम, टेल्को
- सूरज ऑटोमोबाइल, टेल्को
- इंडियन ऑयल, गोलमुरी
- ऑटो सर्विस (हिंदुस्तान पेट्रोलियम), गोलमुरी
इन प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने, सुरक्षा उपकरणों की सही जानकारी, तथा आपातकालीन उपायों की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
प्रशासन का उद्देश्य: जागरूक और सतर्क समाज
जिला प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शैक्षणिक संस्थान, पेट्रोल पंप, वाणिज्यिक प्रतिष्ठान और औद्योगिक इकाइयाँ अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करें और आपदा की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक स्तर पर तैयार रहें।