जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदा बस्ती स्थित गुरुद्वारा के पीछे गुरुवार देर रात फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। यह फायरिंग एक पुराने विवाद को लेकर की गई थी। हालांकि, इस घटना में किसी को गोली नहीं लगी है। पुलिस ने मौके से दो खोखा बरामद किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बदमाशों ने गुरुवार रात लगभग 11 बजे के करीब किरण कौर नामक महिला के घर के पास हवाई फायरिंग की। किरण कौर नामदा बस्ती में अपने परिवार के साथ रहती हैं। घटना के समय उनके घर में सभी लोग मौजूद थे, लेकिन सौभाग्यवश कोई हताहत नहीं हुआ। गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके के लोग सहम गए और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना पाकर गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने वहां से दो खोखा बरामद किया है और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
लंगर नामक युवक पर फायरिंग का आरोप
किरण कौर ने पुलिस को बताया कि गुरुवार सुबह बस्ती में रहने वाले युवक लंगर और मेरे भाई के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले की जानकारी पुलिस को पहले ही दी गई थी। किरण का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते लंगर ने रात में उनके घर के पास फायरिंग की। उन्होंने बताया कि एक सीसीटीवी फुटेज में लंगर को हाथ में पिस्तौल लेकर जाते हुए भी देखा गया है। इधर, पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर से बस्ती में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।