अबुआ खबर डेस्क, जादूगोड़ा
जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में बढ़ते साइबर अपराध और अन्य सामाजिक समस्याओं को लेकर पुलिस ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा के नेतृत्व में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में विद्यार्थियों के बीच विशेष अभियान चलाया गया।
Read More : चाकुलिया में मांस-मछली दुकानों का होगा स्थानांतरण
अभियान की शुरुआत +2 उच्च विद्यालय जादूगोड़ा और उत्क्रमित उच्च विद्यालय माटिगोड़ा से की गई, जहां छात्रों को साइबर ठगी से बचने के तरीके बताए गए। पुलिस टीम ने बच्चों को सड़क सुरक्षा, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट तथा नशा के दुष्प्रभावों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य बच्चों के माध्यम से समाज के हर घर तक जागरूकता पहुंचाना है, ताकि लोग सतर्क रहें और अपराधों से बच सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में साइबर अपराधियों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, वहां पुलिस की लगातार निगरानी बनी हुई है। हाल ही में इंचड़ा गांव से साइबर अपराध से जुड़े एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है।
पुलिस प्रशासन का मानना है कि जागरूकता ही साइबर अपराध पर नियंत्रण का सबसे प्रभावी उपाय है, इसलिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।