Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर: करोड़ों की फर्जी बिलिंग मामले में लोहा व्यापारी गिरफ्तार, डीजीजीआइ की बड़ी कार्रवाई

Spread the love

जमशेदपुर में डायरेक्टरेट जनरल ऑफ GST इंटेलिजेंस (DGGI) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए लोहा व्यवसाय से जुड़े प्रमोद कुमार अग्रवाल को करोड़ों रुपये की फर्जी बिलिंग और बिना GST लेन-देन के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर डीजीजीआइ की टीम ने प्रमोद अग्रवाल के डाल्टनगंज स्थित प्रतिष्ठानों पर लगातार तीन दिनों तक छापेमारी की। इस दौरान टीम को बड़ी मात्रा में दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और संदिग्ध लेन-देन से जुड़े कई महत्वपूर्ण सबूत मिले।

यह कार्रवाई पटना जोनल यूनिट के अतिरिक्त महानिदेशक ज्योति कुमार बुगुना के निर्देश पर और अतिरिक्त निदेशक सार्थक सक्सेना के नेतृत्व में की गई।

गुरुवार देर रात छापेमारी के बाद डीजीजीआइ टीम आरोपी को जमशेदपुर लेकर आई, जहां साकची स्थित कार्यालय में उससे लंबी पूछताछ की गई और उसका बयान दर्ज किया गया। शुक्रवार को चिकित्सा जांच पूरी होने के बाद उसे आर्थिक अपराध न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

डीजीजीआइ अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि फर्जी बिलिंग और टैक्स चोरी का यह नेटवर्क काफी बड़ा है। संदेह है कि इसमें अन्य व्यापारियों और कई फर्मों की भी संलिप्तता हो सकती है।

अधिकारियों ने कहा कि आने वाले दिनों में जांच का दायरा और बढ़ाया जाएगा तथा इस पूरे रैकेट से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई हो सकती है।