जमशेदपुर: जमशेदपुर से अपहृत कारोबारी कैरव गांधी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। जमशेदपुर पुलिस ने उन्हें हजारीबाग–बिहार सीमा क्षेत्र से मुक्त कराया। पुलिस के अनुसार अपहरणकर्ता कैरव गांधी को ट्रांजिट के दौरान एक स्थान से दूसरे स्थान ले जा रहे थे।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले के पीछे बिहार के एक किडनैपिंग गिरोह की संलिप्तता सामने आई है। अपहरण के बाद अपराधी कैरव गांधी को लगातार अलग-अलग ठिकानों पर शिफ्ट कर रहे थे।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हजारीबाग के चौपारण क्षेत्र के आसपास बिहार सीमा की ओर कारोबारी को दोबारा ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही जमशेदपुर पुलिस की कई टीमों ने एक साथ कार्रवाई की। दबिश के दौरान अपराधी कार छोड़कर मौके से फरार हो गए, जबकि कैरव गांधी को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद कैरव गांधी को पुलिस सुरक्षा में उनके आवास पहुंचाया गया। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने पुष्टि की कि कारोबारी को सकुशल मुक्त करा लिया गया है और आपराधिक गिरोह के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है।