रांची संवाददाता: राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गैंग के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में गैंग के दो अपराधी साजन अंसारी और अमित गुप्ता गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में राहुल दुबे को अमन साहू गैंग के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गैंग के सदस्य ठाकुरगांव, खलारी और रातू थाना क्षेत्र की सीमा में हथियारों के साथ इकट्ठा हुए हैं।
सूचना के आधार पर ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने इलाके में छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो अपराधी घायल हुए, जबकि बाकी बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने 8 पिस्टल, दर्जनों कारतूस और अन्य हथियारों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस अब फरार अपराधियों की तलाश में जुटी है और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
📰 मुख्य बिंदु:
- रातू थाना क्षेत्र में राहुल दुबे गैंग और पुलिस के बीच मुठभेड़
- दो अपराधी गोली लगने से घायल, गिरफ्तार
- 8 पिस्टल और दर्जनों कारतूस बरामद
- ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर के नेतृत्व में चार थाना की संयुक्त कार्रवाई
- अमन साहू गैंग से जुड़ी मानी जा रही सक्रियता