पलामू, झारखंड: झारखंड में अपराध और संगठित गिरोहों पर सख्त कार्रवाई जारी है। राज्य पुलिस लगातार अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान चला रही है।
हाल ही में पुलिस ने जेल से ही आपराधिक गतिविधियां संचालित करने वाले कुख्यात अपराधियों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। इसी क्रम में पलामू जिले के मेदिनीनगर सेंट्रल जेल में बंद सुजीत सिन्हा को अब साहिबगंज जेल में स्थानांतरित करने का आदेश जारी किया गया है। यह आदेश जेल आईजी और डीआईजी पलामू की सुरक्षा व कानून व्यवस्था की रिपोर्ट के बाद लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, सुजीत सिन्हा मेदिनीनगर के रेडमा क्षेत्र का रहने वाला है और उसका गिरोह पलामू और आसपास के इलाकों में सक्रिय था। जेल में रहते हुए भी वह बाहरी संपर्कों के जरिए रंगदारी वसूलने और गोलीबारी जैसी घटनाओं को अंजाम देता रहा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुजीत सिन्हा का गैंग मुख्य रूप से बड़े व्यापारियों से जबरन वसूली करता था। रकम न देने पर उसके गिरोह के लोग हिंसक घटनाओं को अंजाम देते थे।
झारखंड पुलिस की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि राज्य में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति लागू है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी स्तर की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।