बहरागोड़ा, 9 अगस्त संवाददाता (बापुन) — सावन माह की पावन बेला में बहरागोड़ा प्रखंड के बनकाटा पंचायत अंतर्गत बेंदा गांव स्थित रसिक जीवन मंदिर प्रांगण में श्रीकृष्ण एवं राधारानी की पांच दिवसीय झूलन यात्रा का आयोजन भक्ति और उल्लास के वातावरण में किया जा रहा है। यह उत्सव 4 अगस्त से 9 अगस्त तक आयोजित हो रहा है, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।
झूलन उत्सव भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की बाल लीलाओं की स्मृति को समर्पित है, जिसमें विशेष रूप से वृंदावन की झूला लीलाओं का भावपूर्ण चित्रण किया जाता है। मंदिर परिसर को रेशमी वस्त्रों, रंग-बिरंगे पुष्पों, रत्नजड़ित आभूषणों और सुंदर झूलों से सजाया गया है। भक्तगण पूरे भक्ति भाव से भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी को झूले पर झुला रहे हैं।
हर दिन भगवान का विशेष श्रृंगार, भोग अर्पण और कीर्तन-भजन का आयोजन किया जा रहा है। स्थानीय भजन मंडलियों द्वारा श्रीकृष्ण लीला पर आधारित संगीतमय प्रस्तुतियाँ श्रद्धालुओं को भावविभोर कर रही हैं।
मंदिर के पुजारी पंडित कालिपद पांडा ने बताया कि झूलन उत्सव के अंतिम दिन मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा और भगवान को विशेष भोग अर्पित कर महाआरती की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह उत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि ग्रामीण जनमानस की सांस्कृतिक आस्था और एकता का प्रतीक है।
इन दिनों मंदिर परिसर शंखनाद, घंटियों की गूंज और ‘राधे-राधे’ के जयघोष से भक्तिमय बना हुआ है। महिलाएं पारंपरिक गीतों के माध्यम से अपनी श्रद्धा प्रकट कर रही हैं और भक्तगण संपूर्ण तन-मन से सेवा में जुटे हैं।