चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह)
एनडी रुंगटा उच्च विद्यालय, चाकुलिया के शिक्षकों ने बुधवार को विधायक कार्यालय पहुंचकर विद्यालय में अर्थशास्त्र, संताली और संस्कृति विषयों के लिए शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर विधायक समीर मोहंती को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय में 274 छात्राएं अर्थशास्त्र, 128 छात्राएं संताली, और 96 छात्राएं संस्कृति विषय की पढ़ाई कर रहे हैं। लेकिन इन तीनों विषयों के लिए कोई शिक्षक उपलब्ध नहीं है, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षकों ने कहा कि विद्यार्थियों की संख्या अधिक है, लेकिन शिक्षक की अनुपस्थिति के कारण पठन-पाठन बाधित हो रहा है। यह स्थिति छात्राओं के शैक्षणिक भविष्य के लिए चिंताजनक है।
विधायक समीर मोहंती ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए शिक्षकों को आश्वासन दिया कि वे शिक्षा विभाग से बात कर आवश्यक पहल करेंगे और जल्द से जल्द इन विषयों के लिए योग्य शिक्षकों की व्यवस्था कराई जाएगी।
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि प्रिय गोपाल मंडल भी उपस्थित रहे।