Responsive Menu
Add more content here...

परसुडीह बाजार में तराजू विवाद पर मारपीट, पीड़ित परिवार ने पुलिस भूमिका पर उठाए सवाल

Spread the love

जमशेदपुर। संवाददाता:
जमशेदपुर के परसुडीह बाजार में तराजू को लेकर हुए विवाद के बाद दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला जिला पुलिस मुख्यालय पहुंच गया है। एक पक्ष ने परसुडीह थाना प्रभारी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, 21 फरवरी की सुबह परसुडीह बाजार में आलू का कारोबार करने वाले मोतीलाल यादव अपनी दुकान लगा रहे थे। इसी दौरान यीशु पोद्दार और कारण पोद्दार वहां पहुंचे और कथित रूप से जबरन तराजू मांगने लगे। मना करने पर दोनों ने जान से मारने की धमकी दी और वहां से चले गए।

कुछ देर बाद दोनों आरोपित करीब 10 लोगों के साथ लौटे और मोतीलाल यादव पर चापड़ से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने परसुडीह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने प्रारंभ में पांच लोगों को हिरासत में लिया, लेकिन बाद में सभी को छोड़ दिया गया।

घायल मोतीलाल यादव की बेटी नीलम कुमारी ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि थाना प्रभारी द्वारा शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। परिवार ने इस मामले में वरीय आरक्षी अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

थाना स्तर पर संतोषजनक कार्रवाई न होने से परेशान परिवार जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। फिलहाल पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है।