Responsive Menu
Add more content here...

तीसरी सोमवारी पर बाबा नगरी में उमड़ा श्रद्धा का जनसैलाब, ढाई लाख भक्तों ने किया जलार्पण

Spread the love

देवघर: श्रावणी मेले की तीसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी पूरी तरह भगवामय हो उठी। सुबह से ही बारिश की हल्की फुहारों के बीच आस्था की लहर उमड़ पड़ी। कांवरिया पथ से लेकर बाबा धाम तक सिर्फ “बोल बम” के जयकारे गूंजते रहे।

सुबह 3:05 बजे बाबा मंदिर का पट खुलते ही जलार्पण की प्रक्रिया शुरू हुई। सबसे पहले बाबा को कांचा जल अर्पित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर की ओर बढ़ चलीं। सोमवार देर शाम तक लगभग 2.5 लाख कांवरियों ने बाबा पर गंगाजल अर्पित किया।

श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी अधिक थी कि मंदिर परिसर से लेकर कुमैठा गांव तक करीब 12 किलोमीटर लंबी कतार लग गई। सड़कों पर जगह-जगह श्रद्धालु कतारबद्ध खड़े नजर आए। बाहर अरघा की कतार सरदार पंडा लेन होते हुए बड़ा बाजार तक पहुंच गई थी।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने RAF, JAP सहित भारी सुरक्षा बल की तैनाती की थी। हालांकि कई स्थानों पर अनियंत्रित भीड़ को संभालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

इस बीच पुरोहित समाज द्वारा आयोजित बेलपत्र प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र बनी रही। मंदिर के मुख्य द्वारों को सोमवारी के अवसर पर विशेष फूलों से सजाया गया था, जिसने भक्तों का मन मोह लिया।

हालांकि, भीड़ अधिक होने के कारण जलार्पण के बाद भक्तों को बाहर निकलने में भी कठिनाई का सामना करना पड़ा, लेकिन उनकी आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। हर ओर सिर्फ एक ही भाव – “बोल बम”।