देवघर (बाबाधाम) संवाददाता:
श्रावणी मेला 2025 के 15वें दिन देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का महासागर उमड़ पड़ा। शुक्रवार सुबह से ही मंदिर परिसर में “बोल बम” के जयकारों की गूंज के बीच श्रद्धालु जलार्पण के लिए कतारबद्ध दिखे। श्रद्धालु रात से ही बाबा की एक झलक और जल चढ़ाने के लिए लाइन में लगने लगे थे।
सुबह 4:16 बजे खुला मंदिर का पट
सुबह 4:16 बजे जैसे ही बाबा का पट खोला गया, मंदिर परिसर हर-हर महादेव के नारों से गुंजायमान हो उठा। कांवरियों का जोश, भक्ति और समर्पण देखते ही बन रहा था। बीएड कॉलेज से लेकर तिवारी चौक, शिवराम झा चौक, नेहरू पार्क और क्यू कॉम्प्लेक्स तक लंबी कतारें देखी गईं।
आंकड़ों में देखें भक्तों की आस्था:
कुल जलार्पण करने वाले श्रद्धालु: 2,23,020
आंतरिक अर्घा से जलार्पण: 1,36,956
बाह्य अर्घा से जलार्पण: 72,839
शीघ्र दर्शनम सुविधा से: 13,225
श्रद्धालुओं को जलार्पण के लिए सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित मार्ग प्रदान किया गया। हर स्तर पर प्रशासन की ओर से व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।
कांवरियों की लगातार बढ़ रही संख्या
सुल्तानगंज से देवघर की ओर आने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला भी बिना थमे जारी रहा। कृष्णगढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार गुरुवार रात 12 बजे तक 2,17,132 कांवरिए बाबाधाम के लिए रवाना हो चुके थे।
प्रशासन की सतर्क निगरानी
श्रावणी मेले की व्यवस्था पर देवघर के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा और एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग लगातार नजर बनाए हुए हैं। सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।