चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), चाकुलिया में झारखंड शिक्षा परियोजना के तहत लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे स्टाफ क्वार्टर के निर्माण में गंभीर गड़बड़ियों का आरोप सामाजिक कार्यकर्ता और पद्मश्री सम्मानित जमुना टुडू ने लगाया है।
रविवार को स्थानीय ग्रामीणों की शिकायत पर जमुना टुडू ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि निर्माण में निम्न गुणवत्ता की ईंटों का प्रयोग हो रहा है और वहां किसी प्रकार का सूचना बोर्ड भी नहीं लगा है, जिससे योजना की लागत और मजदूरी दर की जानकारी नहीं मिल रही।
टुडू ने कहा कि निर्माण कार्य पूरी तरह ठेकेदार की मनमानी से चल रहा है। उन्होंने बताया कि इस विषय पर उपायुक्त से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो पाई। वे जल्द ही उपायुक्त से मुलाकात कर मामले की जांच की मांग करेंगी।