Responsive Menu
Add more content here...

झारखंड में बार संचालन की अवधि बढ़ाने की तैयारी, नए वित्तीय वर्ष से सुबह 4 बजे तक खुल सकेंगे बार

Spread the love

रांची।
झारखंड में शराब बिक्री और बार संचालन को लेकर सरकार एक बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। राज्य का उत्पाद (आबकारी) विभाग बार संचालन की समय-सीमा बढ़ाने पर विचार कर रहा है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत नए वित्तीय वर्ष से बार अब रात 12 बजे की बजाय सुबह 4 बजे तक खुले रह सकेंगे।

वर्तमान में झारखंड में बार संचालन का लाइसेंस रात 12 बजे तक ही मान्य है। इसके बाद शराब की बिक्री और खरीद पूरी तरह प्रतिबंधित रहती है। लेकिन आबकारी विभाग अब इस समय-सीमा को बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।

नई व्यवस्था के तहत सुबह 4 बजे तक शराब बिक्री की अनुमति सभी बारों को स्वतः नहीं मिलेगी। इसके लिए बार संचालकों को आबकारी विभाग से अलग से अनुमति लेनी होगी। साथ ही विभाग कुछ विशेष शर्तें भी लागू करेगा, जिनका पालन करना अनिवार्य होगा। इन शर्तों को लेकर विभागीय स्तर पर नियमावली तैयार की जा रही है।

Advertisement

आबकारी विभाग का मानना है कि बार संचालन की अवधि बढ़ने से राज्य के राजस्व में इजाफा होगा। इसके साथ ही बड़े शहरों और पर्यटन स्थलों पर नाइट लाइफ को बढ़ावा मिलेगा, जिससे होटल और पर्यटन उद्योग को भी लाभ होगा।

सूत्रों के अनुसार, यह नई व्यवस्था आगामी वित्तीय वर्ष से लागू की जा सकती है। फिलहाल प्रस्ताव को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है। नियमों की अधिसूचना जारी होने के बाद ही बार संचालक सुबह 4 बजे तक संचालन की अनुमति प्राप्त कर सकेंगे।

आबकारी विभाग की इस पहल को राज्य में शराब नीति से जुड़ा एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।