बढ़ती ठंड को लेकर प्रशासन सतर्क, सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था तेज
जिला संवाददाता
जिले में लगातार बढ़ रही ठंड और ठिठुरन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर आम नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर जल रहे अलाव
उपायुक्त के निर्देशानुसार नगर निकाय क्षेत्रों एवं प्रखंड मुख्यालयों के प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को ठंड से राहत मिल सके।
Advertisement

जरूरतमंदों के लिए आश्रय और कंबल वितरण के निर्देश
प्रशासन ने सड़क किनारे एवं खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को आश्रय गृहों में स्थान उपलब्ध कराने तथा कंबल वितरण की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया है। सभी अंचल अधिकारियों और नगर निकाय पदाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसी भी जरूरतमंद को ठंड के कारण परेशानी न हो।
Advertisement

नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि ठंड के मौसम में आवश्यक सावधानियां बरतें। अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें, गर्म कपड़ों का प्रयोग करें और विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों एवं असहाय व्यक्तियों की सुरक्षा का ध्यान रखें।