जमशेदपुर में बढ़ती गर्मी से लोग परेशान
जमशेदपुर: शहर में लगातार बढ़ रहे तापमान और उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच लोग राहत पाने के लिए अब प्राकृतिक जल स्रोतों की ओर रुख कर रहे हैं। इन दिनों शहर की जीवनदायिनी स्वर्णरेखा नदी लोगों से गुलजार नजर आ रही है।
नदी में स्नान कर गर्मी से राहत
स्वर्णरेखा नदी के घाटों पर बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और बुजुर्ग पहुंच रहे हैं। बच्चे नदी में छलांग लगाकर मस्ती करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि बड़े लोग भी ठंडे पानी में समय बिताकर गर्मी से राहत महसूस कर रहे हैं।
Read More : डुमरिया के खैरबनी और बाकड़ाकोचा गांव में पहली बार पहुंचेगी बिजली, विधायक संजीव सरदार ने किया शिलान्यास
महंगे वाटर पार्क से दूरी
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के वाटर पार्क और स्विमिंग पूल में जाने के लिए काफी खर्च करना पड़ता है, जो मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए आसान नहीं है। ऐसे में लोग मुफ्त और प्राकृतिक विकल्प के रूप में नदी में स्नान करना अधिक बेहतर मान रहे हैं।
शाम तक लगी रहती है लोगों की भीड़
गर्मी बढ़ने के साथ ही सुबह से लेकर शाम तक नदी किनारे लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है। खासकर छुट्टी के दिनों में यहां परिवार और बच्चों की संख्या अधिक बढ़ जाती है।
सावधानी बरतने की जरूरत
हालांकि, नदी में स्नान के दौरान सुरक्षा को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।