Responsive Menu
Add more content here...

डुमरिया के खैरबनी और बाकड़ाकोचा गांव में पहली बार पहुंचेगी बिजली, विधायक संजीव सरदार ने किया शिलान्यास

Spread the love

जमशेदपुर: पोटका विधानसभा क्षेत्र के डुमरिया प्रखंड स्थित सुदूरवर्ती गांवों खैरबनी और बाकड़ाकोचा में पहली बार बिजली पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। शुक्रवार को विधायक संजीव सरदार ने विधिवत पूजा-अर्चना कर विद्युतीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस योजना के तहत खैरबनी गांव के बानागोड़ा और पलाशबनी पंचायत अंतर्गत बाकड़ाकोचा गांव के राहड़गोड़ा टोला में बिजली सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना’ और ‘एमयूजेआई’ योजना के माध्यम से ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में बिजली पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत दूर-दराज के गांवों में खंभे, तार और ट्रांसफॉर्मर लगाकर मुफ्त विद्युतीकरण किया जा रहा है। करीब 80 वर्षों बाद इन गांवों में बिजली पहुंचने की खबर से ग्रामीणों में उत्साह है।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक का गाजे-बाजे और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि वर्षों तक गांव विकास से वंचित रहे, लेकिन अब पहली बार बुनियादी सुविधाओं की दिशा में ठोस काम हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती थी और लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब बिजली आने से शिक्षा, रोजगार और दैनिक जीवन में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान विधायक संजीव सरदार ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसी भी गांव को विकास से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं गांव-गांव तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मिर्जा सोरेन सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *