जमशेदपुर।
नगर निकाय चुनाव को लेकर जमशेदपुर में देश परगना महाल से जुड़े लोगों ने बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जिला उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल एवं राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए नगर निकाय चुनाव की घोषणा को असंवैधानिक करार दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि संविधान के अनुच्छेद 243 के तहत जिन क्षेत्रों में पेशा कानून लागू है, वहां नगर निकाय चुनाव कराना संविधान के प्रावधानों के विरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव संविधान की मूल भावना का उल्लंघन कर रहे हैं।
देश परगना महाल से जुड़े प्रतिनिधियों ने कहा कि देश संविधान से संचालित होता है और संविधान में स्पष्ट रूप से यह व्यवस्था की गई है कि पेशा कानून लागू क्षेत्रों में ग्राम सभा को सर्वोच्च संस्था का दर्जा प्राप्त है। ऐसे में उन क्षेत्रों में नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया नहीं अपनाई जानी चाहिए।
इसी मांग को लेकर दस माझी परगनाओं के प्रतिनिधि एकजुट होकर जिला समाहरणालय पहुंचे और जिला उपायुक्त के माध्यम से राज्य के राज्यपाल तथा देश के राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने नगर निकाय चुनाव पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।