गुड़ाबांदा:
गुड़ाबांदा प्रखंड के अंगारपाड़ा स्थित बनमाकुड़ी लैम्पस में बुधवार को धान अधिप्राप्ति केंद्र के उद्घाटन को लेकर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब स्थानीय विधायक समीर कुमार मोहंती ने अव्यवस्था और लैम्पस संचालकों के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई। हालात को देखते हुए विधायक बिना उद्घाटन किए ही वापस लौट गए।
किसानों को नहीं दी गई सूचना:
विधायक ने बताया कि लैम्पस का संचालन जवाहर लाल बारिक और उनके पुत्र जयंत बारिक द्वारा किया जा रहा है, लेकिन उनके द्वारा धान अधिप्राप्ति केंद्र शुरू होने की जानकारी न तो किसानों को दी गई और न ही ग्रामीणों को। सूचना के अभाव में कोई भी किसान धान लेकर केंद्र तक नहीं पहुंचा।
advertisment

स्थानीय किसानों को परेशान करने का आरोप:
मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने विधायक को अवगत कराया कि बीते 17 वर्षों से लैम्पस का संचालन कर रहे पिता-पुत्र पर स्थानीय किसानों को परेशान करने और बाहरी क्षेत्रों के किसानों से धान खरीदी करने के आरोप हैं। इससे क्षेत्र के किसानों में भारी असंतोष है।
संचालक बदलने के बाद होगा उद्घाटन:
विधायक समीर कुमार मोहंती ने स्पष्ट कहा कि वर्तमान संचालकों को हटाकर नए संचालकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके बाद ही धान अधिप्राप्ति केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा, ताकि किसानों को पारदर्शी और सुचारु व्यवस्था मिल सके।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित:
इस अवसर पर झामुमो बहरागोड़ा प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा, गुड़ाबांधा प्रखंड सचिव बुकाई सोरेन, पद्म लोचन बेरा, साकिला हेम्ब्रम, तड़ो किस्कू, लोकनाथ कालिंदी, बिनोद बागाल सहित कई पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।