Responsive Menu
Add more content here...

गोड्डा: अवैध बालू पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस पर हमला, एएसआई समेत 3 जवान घायल

Spread the love

गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। गुरुवार देर रात पसई गांव स्थित नदी घाट पर हुई इस घटना में एक एएसआई सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमलावरों ने पुलिस की कार्रवाई में बाधा डालते हुए एक ट्रैक्टर को जबरन छुड़ाकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पोड़ैयाहाट थाना में तैनात एएसआई कृष्णा प्रसाद मंडल अपने सहयोगी जवान सुनील कुमार तिवारी और तख्वीर आलम के साथ रात करीब 10 बजे गश्ती पर निकले थे। इसी दौरान थाना प्रभारी महावीर पंडित को सूचना मिली कि पसई गांव के नदी घाट पर अवैध रूप से बालू का उठाव किया जा रहा है।

सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम रात लगभग 11:10 बजे पसई घाट पहुंची। वहां दो ट्रैक्टरों में बालू लोड कर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर चालकों से कागजात मांगे, लेकिन वे वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस टीम जब जप्ती प्रक्रिया शुरू कर ई-साक्ष्य ऐप से वीडियोग्राफी कर रही थी, तभी स्थानीय निवासी गोपाल खडोगी उर्फ लड्डू अपने 15-20 साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया।

Read More : चाकुलिया: श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी के बालू घाटों पर माफियाओं का कब्जा

आरोप है कि सभी ने मिलकर पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और मोबाइल छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान धक्का-मुक्की बढ़ गई और गोपाल खडोगी ने एएसआई कृष्णा प्रसाद मंडल पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे जवान सुनील तिवारी के हाथ में चोट लग गई। घटना में कृष्णा प्रसाद मंडल, मुकेश कुमार और सुनील तिवारी घायल हो गए।

पुलिस ने मौके से एक नीले रंग का Swaraj 735 FE Tractor ट्रैक्टर ट्रेलर सहित जब्त किया, जिस पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं था और इंजन-चेसिस नंबर भी मिटाए गए थे। इसके अलावा एक लाल-काले रंग की Bajaj Pulsar बाइक भी बरामद की गई, जिसका नंबर और पहचान चिन्ह भी क्षतिग्रस्त पाया गया।

पुलिस ने इस मामले में गोपाल खडोगी उर्फ लड्डू सहित चार नामजद और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ कांड संख्या 52/26 दर्ज किया है। हालांकि, हमलावर एक ट्रैक्टर लेकर भागने में सफल रहे। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *