चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
झारखंड में पेसा कानून लागू होने की खुशी में चाकुलिया स्थित बिरसा चौक पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार जश्न मनाया। इस दौरान पूरे इलाके में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती ने कहा कि झामुमो सरकार ने पेसा कानून को लागू कर आदिवासी समाज को उसका संवैधानिक अधिकार दिलाया है। यह कानून ग्राम सभा को असली शक्ति देता है और जल-जंगल-जमीन की रक्षा सुनिश्चित करता है।

विधायक ने कहा कि अब गांव से जुड़े सभी अहम फैसले ग्राम सभा के माध्यम से लिए जाएंगे। जमीन अधिग्रहण, खनन, वन उपज और सामाजिक विषयों पर ग्राम सभा की भूमिका सर्वोपरि होगी। यही सच्चा स्वशासन है।
advertisement

उन्होंने कहा कि झामुमो शुरू से ही आदिवासी अधिकार, स्वाभिमान और अस्मिता की लड़ाई लड़ती आई है। पेसा कानून का क्रियान्वयन उसी संकल्प का प्रमाण है। यह फैसला शहीदों के सपनों और जनता के भरोसे का सम्मान है।
advertisement

मौके पर मौजूद झामुमो नगर अध्यक्ष मो गुलाब,गौतम दास,साहेबराम माण्डी ,राजा बारिक, अरविंद सिंह,मिथुन कर,झणटु भोल, और अन्य झामुमो कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हुए इसे आदिवासी समाज के लिए नई शुरुआत बताया।