जमशेदपुर।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2013 बैच के अधिकारी राजीव रंजन ने आज पूर्वी सिंहभूम के नए उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण समारोह के दौरान प्रशासनिक माहौल सौहार्दपूर्ण रहा।
इस अवसर पर निवर्तमान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं और उनके कार्यकाल की सफलता की कामना की। जिला के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भी नव पदस्थापित उपायुक्त का गर्मजोशी से स्वागत किया।
निवर्तमान उपायुक्त ने जताया आभार
कर्ण सत्यार्थी ने अपने कार्यकाल के दौरान सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और जिले के नागरिकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से कई विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा सका।
Read More : झारखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 17 जिलों में नए डीसी, जमशेदपुर में भी बदलाव
उन्होंने विश्वास जताया कि नए उपायुक्त के नेतृत्व में जिले के विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
नए उपायुक्त का विजन
नव पदस्थापित उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर नागरिक तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभागों के समन्वय से विकास कार्यों को नई दिशा और गति दी जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही प्रशासन की असली सफलता है, और इसी लक्ष्य को लेकर काम किया जाएगा।