चाकुलिया | संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया के पुराना बाजार स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में सार्वजानिक दुर्गा पूजा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अक्षय मोहंती ने की, जिसमें मंदिर के विकास और आगामी धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।
Read More : झारखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 17 जिलों में नए डीसी, जमशेदपुर में भी बदलाव
बैठक के दौरान मंदिर भवन के जीर्णोद्धार, परिसर में संगमरमर की आकर्षक प्रतिमा स्थापना तथा हरिनाम संकीर्तन जैसे धार्मिक आयोजनों पर विस्तार से चर्चा हुई। समिति के सदस्यों ने मंदिर को और भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने पर जोर दिया।
विधायक समीर कुमार मोहंती बने मुख्य संरक्षक
समिति को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सर्वसम्मति से क्षेत्रीय विधायक समीर कुमार मोहंती को मुख्य संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई। उनके इस पद पर मनोनीत होने पर समिति के पदाधिकारियों ने खुशी जाहिर की और उनका सम्मान किया।
इसके साथ ही समिति के विस्तार के तहत कई नए सदस्यों को भी शामिल किया गया, जिससे संगठन को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मंदिर विकास कार्यों को मिली रफ्तार
गौरतलब है कि पूर्व में समिति द्वारा मंदिर परिसर में बोरिंग और पंप लगाने की मांग की गई थी, जिसे स्वीकृति मिलने के बाद अब कार्य शुरू कर दिया गया है। इस पहल से श्रद्धालुओं को सुविधाएं बेहतर मिलने की उम्मीद है।
बैठक का संचालन समिति के उपाध्यक्ष गौतम दास ने किया, जबकि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।