जमशेदपुर।
जिले में अवैध बालू और खनिज कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। उपायुक्त के निर्देश पर समाहरणालय सभागार में जिला खनन टास्क फोर्स की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें अवैध उत्खनन और परिवहन पर लगाम कसने के लिए कड़े निर्देश जारी किए गए।
Read More : बालू माफियाओं का कारनामा: स्वर्णरेखा नदी में ह्यूम पाइप के पुल बना कर हो रहा बालू का अवैध उत्खनन
बैठक में एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त संतोष गर्ग, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल आनंद, डीटीओ धनंजय, डीएमओ सतीश नायक, एसडीपीओ घाटशिला सहित कई वरीय पदाधिकारी शामिल हुए, जबकि अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी ऑनलाइन जुड़े।
एक महीने में बड़ी कार्रवाई
समीक्षा में सामने आया कि 19 मार्च से 17 अप्रैल के बीच चलाए गए अभियान में प्रशासन ने कुल 25 वाहनों को जब्त किया। इनमें
- 16 हाइवा
- 7 ट्रैक्टर
- 2 टाटा 407
शामिल हैं। साथ ही 7 प्राथमिकी दर्ज की गईं और 4.29 लाख रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया।
बालू माफियाओं पर सख्त नजर
बैठक में नदियों से अवैध बालू उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने को लेकर सख्त निर्देश दिए गए। बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, ओवरलोडेड ट्रक और अवैध भंडारण के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया।
साथ ही बड़े स्तर पर सक्रिय माफियाओं की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया।
वन क्षेत्र में भी कड़ी निगरानी
वन विभाग को ईको-सेंसिटिव जोन में अवैध खनन और क्रशर संचालन पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। प्रदूषण और अवैध ईंट भट्ठों से जुड़ी शिकायतों पर भी सख्ती बढ़ाने को कहा गया।
अभियान रहेगा जारी
प्रशासन ने साफ किया कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित जांच और कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि अवैध बालू कारोबार को लेकर अबुआ खबर लगातार खबरें प्रकाशित करता रहा है, जिसके बाद प्रशासन की यह सख्ती ‘अबुआ इंपैक्ट’ के रूप में देखी जा रही है।