चाकुलिया: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत कुचियाशोली पंचायत के पांड्राशोली गांव में रविवार शाम अचानक हुए वज्रपात की घटना में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि कई लोग बाल-बाल बच गए। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है।
मवेशी चराने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, पांड्राशोली गांव निवासी 72 वर्षीय लक्ष्मण महाली गांव के अन्य लोगों के साथ खेत में मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने की घटना हुई। वज्रपात की चपेट में आने से लक्ष्मण महाली गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
Read More : विशेष रिपोर्ट: जमशेदपुर वन प्रमंडल में ‘पार्क’ के नाम पर करोड़ों का खेल, हाथी कॉरिडोर बनवाना भूला विभाग
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों की मदद से घायल बुजुर्ग को 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार मुर्मू ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक महिला घायल, कई लोग सुरक्षित
इस हादसे में झरना महतो नामक एक महिला को भी बिजली का हल्का झटका लगा, जिससे वह आंशिक रूप से घायल हो गई। वहीं, अन्य कई लोग इस घटना में सुरक्षित बच निकले।
पुलिस ने संभाली स्थिति, पोस्टमार्टम की तैयारी
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जो सोमवार को किया जाएगा।