स्थान: बहरागोड़ा, झारखंड
रिपोर्टर: संवाददाता निलेश बेरा की रिपोर्ट
रविवार दोपहर बहरागोड़ा के फॉरेस्ट गेस्ट हाउस के समीप एनएच-18 पर एक बड़ा हादसा टल गया जब चार धाम यात्रा से लौट रही एक यात्री बस असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस संख्या OD 05 BG 6399 आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम, गुंटूर और विजयवाड़ा से करीब 40 यात्रियों को लेकर चार धाम यात्रा पूरी कर घर लौट रही थी। लौटते समय बहरागोड़ा फॉरेस्ट गेस्ट हाउस के पास चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया, जिससे वह सड़क किनारे एक बंद पान दुकान और रेलिंग से टकरा गई।
हादसे के बाद मौके पर बहरागोड़ा पुलिस त्वरित रूप से पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाया। सौभाग्यवश इस दुर्घटना में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई, सभी यात्री और चालक सुरक्षित हैं।
फिलहाल सभी यात्री दूसरी बस की व्यवस्था कर घर लौटने की तैयारी में लगे हुए हैं। पुलिस द्वारा चालक और यात्रियों से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
यह दुर्घटना भले ही बड़ी जनहानि से टल गई हो, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।