चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह)
चाकुलिया प्रखंड के चालुनिया पंचायत अंतर्गत पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे जयनगर गांव के समीप स्थित कन्हाईश्वर पहाड़ पर आगामी 5 जुलाई को वार्षिक पहाड़ पूजा का आयोजन होना है। वहीं 6 जुलाई को बाड़ाघाट में मेला का आयोजन भी प्रस्तावित है। इन आयोजनों से पूर्व क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेने के लिए विधायक समीर कुमार मोहंती ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर सड़क व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
जर्जर सड़क की मरम्मत के निर्देश

कन्हाईश्वर पहाड़ तक पहुंचने वाली बाड़ाघाट-कन्हाईश्वर सड़क की स्थिति जर्जर है, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी हो सकती है। इसको देखते हुए विधायक ने टाटा स्टील के प्रतिनिधि जयकांत झा को डस्ट से सड़क की अस्थायी मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
विधायक ने कहा कि, “कन्हाईश्वर पहाड़ पूजा झारखंड की सबसे बड़ी पहाड़ पूजा है, जिसमें झारखंड, ओडिशा और बंगाल के हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।”
व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान विधायक ने झामुमो कार्यकर्ताओं को पूजा और मेले की तैयारियों को लेकर सभी जरूरी व्यवस्थाओं के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि स्थानीय प्रशासन और समाजिक संगठनों के सहयोग से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता का समुचित ख्याल रखा जाए।

जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
निरीक्षण के दौरान प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, बीस सुत्री अध्यक्ष साहेब राम मांडी, भित्ति सुंदर महतो, राम बास्के, निर्मल महतो समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी उपस्थित थे। सभी ने विधायक के प्रयास की सराहना की और पूजा आयोजन को सफल बनाने का संकल्प दोहराया।