रांची, झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने शुक्रवार को राजधानी स्थित नेपाल हाउस में विभागीय कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक पहुंचने की खबर से कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी अपने कक्षों से अनुपस्थित पाए गए। इस दौरान मंत्री ने विभाग के सभी कोषांगों का जायजा लिया और संबंधित योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी ली। निरीक्षण के दौरान कुछ अधिकारी अपने सहयोगियों को आगे कर अनुपस्थिति के कारणों का बहाना बनाते नजर आए, जबकि कुछ सूचना मिलते ही हड़बड़ी में कार्यालय पहुंचे।

बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर अनुपस्थित कर्मियों की सूची तैयार की जा रही है। मंत्री ने निर्देश दिया कि तय समय के बाद पहुंचने वाले अथवा अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों को कारण बताओ नोटिस (शो कॉज) जारी किया जाए। इस दौरान मंत्री शिल्पी ने कहा कि कार्य संस्कृति को दुरुस्त करना हमारी प्राथमिकता है। कर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करना आवश्यक है ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी न हो। अनुशासन और समयबद्धता से ही विकास की रफ्तार तेज होगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को चेताया गया कि भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
