बहरागोड़ा, 8 जुलाई संवाददाता (निलेश बेरा) : बहरागोड़ा प्रखंड के मानुषमुड़िया पंचायत अंतर्गत धानघोरी और मानुषमुड़िया गांवों में रविवार रात भारी बारिश ने तबाही मचा दी। धानघोरी निवासी निताई कर्मकार का कच्चा मकान अचानक गिर गया, जिससे घर में बंधे दो खस्सी और एक बकरी की दबकर मौत हो गई, जबकि अन्य मवेशी आंशिक रूप से घायल हो गए।
पीड़ित निताई कर्मकार ने बताया कि तेज बारिश के कारण घर की दीवारें कमजोर हो गई थीं, जो देर रात अचानक गिर पड़ीं। उस समय घर में बैल, बकरी और खस्सी बंधे थे। मलबे में दबने से खस्सी और बकरी की मौके पर ही मौत हो गई।

इधर मानुषमुड़िया गांव की कल्पना भोल का पूरा कच्चा मकान गिर जाने से उनका परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। किसी तरह तिरपाल तानकर उन्होंने अस्थायी छत बनाई है। सौभाग्यवश हादसे के समय दोनों परिवारों के सदस्य घर के बाहर थे, जिससे जनहानि नहीं हुई।
पीड़ित परिवारों ने मानुषमुड़िया पंचायत के मुखिया राम मुर्मू को घटना की जानकारी दी है और प्रशासन से तत्काल सहायता एवं मुआवजे की मांग की है। अब तक प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस मदद नहीं पहुंची है।
प्रभावित क्षेत्रों में हालात चिंताजनक:
लगातार बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकान गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रशासन से अपेक्षा है कि वह स्थिति का संज्ञान लेते हुए शीघ्र राहत और पुनर्वास की दिशा में कदम उठाए।