बहरागोड़ा संवाददाता (बापुन):
मंगलवार को बहरागोड़ा प्रखंड कार्यालय परिसर में सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 8 के विद्यार्थियों के लिए स्वीकृत 1549 साइकिलों के वितरण का शुभारंभ विधायक समीर महंती ने किया। कार्यक्रम में उन्होंने खुद विद्यार्थियों को साइकिलें प्रदान कीं।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का मौलिक अधिकार है और राज्य सरकार का लक्ष्य है कि बेहतर शिक्षा के मार्ग में कोई बाधा न आए। उन्होंने बताया कि दूर-दराज से आने वाले बच्चों के लिए साइकिल न केवल आने-जाने का आसान साधन है, बल्कि यह उनके समय और ऊर्जा की भी बचत करेगा।
विधायक महंती ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार कई योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ प्रत्येक छात्र तक पहुँचाना प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी केशव भारती, अंचलाधिकारी राजाराम सिंह मुंडा, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष असित मिश्रा, प्रभारी कल्याण पदाधिकारी सत्यवान माईती, बिशु ओझा, रासबिहारी साव, शिव शंकर ओझा, जितवाहन राऊत, जगदीश राय, जेई अभिजीत बेरा सहित विद्यालय के शिक्षक व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।