बहरागोड़ा संवाददाता (बापुन) : बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र में दो अलग-अलग दुखद घटनाओं में हुए निधन की खबर मिलने के बाद स्थानीय विधायक समीर कुमार मोहंती ने शोकग्रस्त परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और दिवंगत आत्माओं के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की।
सबसे पहले विधायक मोहंती बरागाड़िया पंचायत के अध्यक्ष चंदन पात्र के बड़े भाई खोकोन पात्र के निधन की सूचना पाकर उनके निवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और कहा कि दुख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ हैं।

इसके बाद वे बरागाड़िया पंचायत समिति सदस्य एवं झामुमो महिला नेत्री सोनालिका दास के आवास भी पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत नेत्री के परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सोनालिका दास का योगदान पंचायत और समाज के लिए प्रेरणादायक रहा है।
वहीं दूसरी ओर, राजलाबांध पंचायत के उपमुखिया पप्पू राउत के छोटे भाई बापी राउत के निधन पर भी विधायक मोहंती ने शोक जताया। विधानसभा के मानसून सत्र में व्यस्तता के चलते वे अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। क्षेत्र में लौटने के बाद उन्होंने परिजनों से मिलकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इन सभी मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा, रासबिहारी साव, विश्वजीत ओझा, जगदीश राय, यदुपति राणा, राघव घोष, मुखिया राम मुर्मू, गोविंद ताराई, जीयाराम सोरेन, सीमंतो राणा, महेंद्र सिंह, विशाल बारिक सहित कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।