रांची, संवाददाता।
झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक समीर मोहंती ने शून्यकाल में पारा शिक्षकों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सरकार से मांग की कि राज्य के पारा शिक्षकों को भी नियमित शिक्षकों के समान ग्रेड-पे और वेतनमान दिया जाए।
विधायक ने कहा कि झारखंड की शिक्षा व्यवस्था में पारा शिक्षक अहम भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन आज भी उन्हें नियमित शिक्षकों की तुलना में काफी कम वेतन और सुविधाएँ मिल रही हैं। उन्होंने बिहार सरकार का उदाहरण देते हुए बताया कि वहाँ हाल ही में शिक्षकों को ग्रेड-पे और वेतनमान उपलब्ध कराया गया है।
समीर मोहंती ने सरकार से आग्रह किया कि झारखंड में भी पारा शिक्षकों को कम से कम न्यूनतम ग्रेड-पे प्रदान किया जाए, ताकि उनके साथ न्याय हो सके और शिक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ बन सके।