जमशेदपुर, संवाददाता।
कदमा थाना पुलिस ने गणेश पूजा मेला के दौरान सक्रिय एक मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 9 चोरी के मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड और 2 गेमेरी कार्ड बरामद किए। गिरोह के सदस्य झारखंड के साहेबगंज और पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले के रहने वाले हैं। यह गैंग भीड़-भाड़ वाले इलाकों में खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करता था।
ऐसे हुआ खुलासा
24 अगस्त 2025 को कदमा बाजार इलाके में गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक मोबाइल चोरी कर रहे हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक युवक को मौके से पकड़ लिया। पूछताछ में उसने पूरे गिरोह की जानकारी दी। इसके आधार पर पुलिस ने मानगो स्थित जेके सोसाइटी से तीन अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया और उनके पास से पांच मोबाइल बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपी
- प्रिंस कुमार महतो (21 वर्ष) – निवासी महाराजपुर बाजार, जिला साहेबगंज (झारखंड)
- रितेश कुमार नोनिया (19 वर्ष) – निवासी आसनसोल, जिला बर्धमान (प. बंगाल)
- तौसीफ शेख (19 वर्ष) – निवासी आसनसोल, जिला बर्धमान (प. बंगाल)
- रवि कुमार (19 वर्ष) – निवासी महाराजपुर, जिला साहेबगंज (झारखंड)
पुलिस की कार्रवाई
कदमा थाना प्रभारी ने बताया कि यह गिरोह पहले भी हाट बाजार और अन्य भीड़-भाड़ वाले इलाकों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। सभी आरोपियों के खिलाफ कदमा थाना में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।