Responsive Menu
Add more content here...

बालू घाटों की नीलामी के बाद ग्राम सभाओं का दौर, ग्रामीणों ने रखीं सख्त शर्तें

Spread the love

बहरागोड़ा। संवाददाता

बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के पांच बालू घाटों की नीलामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब जमीनी स्तर पर संचालन की तैयारी शुरू हो गई है। सोमवार को एमएस जी कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के सौजन्य से विभिन्न पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। बैठकों में विकास कार्यों और स्थानीय हितों के बीच संतुलन बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

सोमवार को बनकटा और बरागाड़िया पंचायत (डीपा पाल बालू घाट) में ग्राम सभा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। वहीं डोजुड़ीरी, नागुड़साईं और नेकड़ाडिहा पंचायतों में ग्रामीणों की अनुपस्थिति एवं अन्य कारणों से बैठक स्थगित करनी पड़ी। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि इन क्षेत्रों में जल्द ही नई तिथि तय कर पुनः ग्राम सभा आयोजित की जाएगी।

डीपा पाल बालू घाट को लेकर आयोजित सभा में ग्रामीणों ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि बालू का परिवहन गांव की मुख्य सड़कों से नहीं किया जाएगा। इसके लिए अलग वैकल्पिक मार्ग बनाया जाए। साथ ही उत्खनन और ढुलाई कार्य में स्थानीय मजदूरों को प्राथमिकता देने तथा पर्यावरण और सड़क सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की मांग रखी गई।

कंपनी प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि सर्वे कर वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया जाएगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर दिए जाएंगे।

बनकटा पंचायत में आयोजित ग्राम सभा में मुखिया चैतन सिंह मुंडा, पंचायत सचिव, खनन विभाग के निरीक्षक तथा कंपनी के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि टेंडर राशि और अन्य तकनीकी विवरण अधिसूचना जारी होने के बाद सार्वजनिक किए जाएंगे।