बहरागोड़ा, 29 मई:
बकरीद पर्व को लेकर गुरुवार को बहरागोड़ा थाना परिसर में शांति समिति की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीसीएलआर नीद निखिल सूरीन ने की। इस मौके पर थाना प्रभारी अनिल कुमार नायक, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) केशव भारती, थाना के समस्त आरक्षीगण एवं शांति समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। समिति सदस्यों ने प्रशासन को अपने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि बकरीद के दिन:
बहरागोड़ा मस्जिद में सुबह 7:00 बजे,
चिंगड़ा एवं माटिहाना मस्जिदों में सुबह 7:30 बजे ईद की नमाज़ अदा की जाएगी।
प्रशासन द्वारा इन सभी स्थलों पर सुरक्षा एवं आवश्यक सेवाओं की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
डीसीएलआर नीद निखिल सूरीन ने नागरिकों से फेक न्यूज और भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट से सतर्क रहने की अपील की और कहा कि अगर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री सामने आए, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
थाना प्रभारी अनिल कुमार नायक एवं बीडीओ केशव भारती ने भी लोगों को संबोधित करते हुए आपसी समन्वय और शांति बनाए रखने का आग्रह किया।
इस बैठक में शांति समिति के कई गणमान्य सदस्य जैसे सत्यनारायण माइती, निर्मल दुबे, अरुण कुमार बारिक, अब्दुल क्यूआन खान, स्वप्न कुमार महतो, मिठू साव, एम. डी. अली, तापस महापात्र समेत कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि त्योहार के दौरान हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी ताकि पर्व शांतिपूर्वक सम्पन्न हो।